संतकबीरनगर , जुलाई 19 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना द्वारा संयुक्त रूप से श्रावण मास/कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत बिड़हरघाट व बाबा बैजूनाथ धाम शिव मंदिर पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से यहाँ बताया कि श्रावण मास के शुभारंभ अवसर पर काँवड़ यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा व कानून व्यवस्था के दृष्टिगत संयुक्त रुप से तहसील धनघटा अंतर्गत बिड़हरघाट व बाबा बैजूनाथ धाम शिव मन्दिर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा घाटों की साफ सफाई, गोताखोरों की उपलब्धता, सीसीटीवी कैमरा, चेंज रूम, लाउड स्पीकर आदि की व्यवस्था/क्रियाशीलता सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
श्रावण मास के दौरान कांवड़ियों/शिव भक्तों द्वारा बिड़हर घाट से जल उठाकर बैजूनाथ धाम व तामेश्वरनाथ धाम शिव मंदिर पर जलाभिषेक किया जाता है। इसके दृष्टिगत निरीक्षण के दौरान अधिकारीद्वय द्वारा घाट पर साफ-सफाई, काँवड़ यात्रियों के आवागमन के रास्तों पर यातायात व्यवस्था का सुचारू संचालन, सड़क सुरक्षा, अबाधित विद्युत आपूर्ति एवं सुरक्षित आवागम की व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए ताकि काँवरियों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत कांवड़ यात्रियों के आवागमन मार्ग पर सतर्कता के साथ ड्यूटी व निगरानी करने हेतु निर्देशित किया जिससे कि आने जाने वाले कावंड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो व कांवड़ यात्रियों की हर सम्भव सहायता उपलब्ध कराने आदि के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा श्रावण मास के दृष्टिगत जनपद में शांति व सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण करते रहने के निर्देश दिये गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित