संतकबीरनगर , जुलाई 30 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले की खलीलाबाद कोतवाली पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसला कर भगाने और दुष्कर्म करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है।
आरोपी आदित्य कुमार गौतम उर्फ गोपी पुत्र प्रेम सागर को गुरुवार को मेंहदावल बाईपास के पास से पकड़ा गया। उसे न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय ने यहाँ बताया कि आरोपी संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद कोतवाली अंतर्गत मैलानी वार्ड नंबर 16, रैयान कॉम्प्लेक्स, मेंहदावल बाईपास, कोतवाली खलीलाबाद का निवासी है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5एल/6 के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह मामला नौ अप्रैल 2025 को दर्ज किया गया था, जब पीड़िता की मां ने आरोपी के खिलाफ अपनी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस ने साक्ष्य संकलन के आधार पर मामले में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की। उन्होंने बताया कि महिला अपराध की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित