चंडीगढ़ , मई 09 -- आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के घर ईडी की रेड और गिरफ्तारी को पूरी तरह राजनीति से प्रेरित कार्रवाई बताया है।
पार्टी ने केंद्र की भाजपा सरकार पर केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि जब भी भाजपा चुनावी मैदान में कमजोर पड़ती है, वह विपक्षी नेताओं को दबाने के लिए ईडी, सीबीआई और अन्य एजेंसियों का इस्तेमाल करती है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आरोप लगाया कि भाजपा ने पहले पश्चिम बंगाल में एजेंसियों के सहारे सरकार गिराने की कोशिश की थी और अब पंजाब में वही खेल खेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल संजीव अरोड़ा पर हमला नहीं, बल्कि पंजाब और तीन करोड़ पंजाबियों के सम्मान पर हमला है।
श्री चीमा ने कहा कि भाजपा का असली एजेंडा पूरे देश से विपक्षी दलों को खत्म करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले अमन अरोड़ा को निशाना बनाया गया और अब संजीव अरोड़ा पर दूसरी बार ईडी का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने इसे संविधान और लोकतंत्र पर हमला बताया।
कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि भाजपा केंद्रीय एजेंसियों के जरिए पंजाब में राजनीतिक जमीन तलाशने की नाकाम कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में श्री संजीव अरोड़ा के घर तीसरी बार रेड हुई है और एक महीने के भीतर यह दूसरी कार्रवाई है। उन्होंने दावा किया कि बार-बार छापेमारी के बावजूद अब तक कुछ बरामद नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि पंजाब गुरुओं, पीरों और फकीरों की धरती है, जिसे औरंगजेब भी नहीं झुका सका। भाजपा इन हथकंडों से न पंजाब को झुका पाएगी, न आम आदमी पार्टी को।
कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां, बरिंदर गोयल, विधायक कुलदीप धालीवाल और अन्य नेताओं ने भी ईडी कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे भाजपा की "दबाने वाली राजनीति" करार दिया। नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा अपने विरोधियों को डरा-धमकाकर पार्टी में शामिल करने की कोशिश कर रही है।
आप नेताओं ने कहा कि भाजपा के पास पंजाब में जनाधार नहीं है, इसलिए उसके नेता नहीं बल्कि ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियां यहां प्रचार कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि पार्टी का कोई भी नेता इन दबावों से डरने वाला नहीं है और पंजाब की जनता भाजपा की साजिशों को कभी सफल नहीं होने देगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित