चंडीगढ़ , अप्रैल 29 -- पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने बुधवार को राज्यभर के सभी नगर निगम आयुक्तों और अतिरिक्त जिला उपायुक्तों (जनरल एवं शहरी विकास) को अपने-अपने क्षेत्रों में मलेरिया, डेंगू और अन्य वाहक जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए व्यापक फॉगिंग अभियान चलाने के निर्देश दिये। श्री अरोड़ा ने यहां एक बयान में कहा कि डेंगू और इसी तरह की मच्छरों से फैलने वाली बीमारियां जनस्वास्थ्यके लिए गंभीर खतरा हैं और यदि इन पर प्रभावी नियंत्रण न किया जाये, तो बहुमूल्य जानें जा सकती हैं। जनता की सेहत और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंत्री ने सख्त निर्देश जारी किये कि फॉगिंग अभियान तुरंत शुरू किये जायें और इन्हें नियमित रूप से चलाया जाये। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाये कि अक्टूबर तक चलने वाले व्यस्त सीजन से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जायें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्थिति पर लगातार नजर रखने और की गयी कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट जल्द से जल्द उनके कार्यालय को भेजने के निर्देश भी दिये, ताकि जवाबदेही सुनिश्चित हो सके और समयबद्ध तरीके से कार्यान्वयन हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित