नयी दिल्ली , मई 09 -- रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने सेना की दक्षिणी कमान के अंतर्गत तिरुवनंतपुरम सैन्य स्टेशन का दौरा कर वहां संचालनात्मक तैयारी तथा विकास परियोजनाओं की समीक्षा की।

रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि रक्षा राज्य मंत्री ने शुक्रवार को इस स्टेशन का दौरा किया और सैनिकों के साथ संवाद किया। उन्होंने स्टेशन की संचालनात्मक तैयारियों तथा कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली। उन्हें युद्धक तैयारी बढ़ाने और संस्थागत क्षमताओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित प्रमुख संचालनात्मक, प्रशासनिक और आधारभूत संरचना संबंधी पहलों की जानकारी दी गई।

श्री सेठ ने स्टेशन पर कार्यरत सभी सैन्य पदों द्वारा प्रदर्शित व्यावसायिकता, समर्पण और अटूट प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने संचालनात्मक तत्परता के उच्च मानकों को बनाए रखने के साथ-साथ सशस्त्र बलों के कर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण एवं सुख-समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए प्रशंसा की।

रक्षा राज्य मंत्री ने आधुनिकीरण, आधारभूत संरचना विकास और सशस्त्र बलों के कर्मियों के लिए निरंतर कल्याणकारी पहलों के माध्यम से रक्षा क्षमताओं को सुदृढ़ करने पर सरकार के निरंतर जोर को दोहराया, जो भविष्य के लिए तैयार और तकनीकी रूप से सक्षम भारतीय सेना के निर्माण के राष्ट्रीय दृष्टिकोण के अनुरूप है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित