अयोध्या , अक्टूबर 27 -- आम आदमी पार्टी (आप) के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने मंगलवार को अयोध्या जिले की गोसाईंगंज विधानसभा क्षेत्र के तारुन बाजार में आयोजित 'सत्ता परिवर्तन जन-आक्रोश रैली' में प्रदेश सरकार पर शिक्षा, रोजगार, अग्निवीर योजना, सरकारी संपत्तियों और राम मंदिर निर्माण में कथित भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था बदहाल है और युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं।
रैली का आयोजन आप की ओर से किया गया। इसमें अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल और कार्यक्रम संयोजक संत आलोक द्विवेदी समेत पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक शामिल हुए। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर अभिभावक बच्चों की फीस भरने के लिए आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने सरकारी स्कूलों की जर्जर इमारतों, बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश सरकार 27 हजार सरकारी स्कूलों को बंद करने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार को चुनाव में धार्मिक ध्रुवीकरण के बजाय बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं पर जवाब देना चाहिए। सिंह ने दिल्ली और पंजाब में आप सरकारों के शिक्षा संबंधी कार्यों का भी उल्लेख किया।
आप सांसद ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हर साल दो करोड़ और प्रदेश सरकार ने 13 लाख नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन युवाओं को अपेक्षित रोजगार नहीं मिला।
संजय सिंह ने भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) में जय शाह की नियुक्ति का उल्लेख करते हुए कहा कि एक ओर उन्हें महत्वपूर्ण पद मिलता है, जबकि प्रदेश के युवाओं को गोबर और गोमूत्र से रोजगार तलाशने की सलाह दी जाती है। उन्होंने इसे युवाओं के सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताया। उन्होने राम मंदिर निर्माण और चढ़ावे में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि श्रद्धालुओं ने अपनी गाढ़ी कमाई और आभूषण तक दान किए, लेकिन मंदिर से जुड़े कुछ लोगों ने कथित तौर पर धन का दुरुपयोग किया। उन्होंने जमीन की खरीद, निर्माण कार्यों में कमीशनखोरी और चढ़ावे की वस्तुओं में गड़बड़ी के आरोप भी लगाए। उन्होंने जनता से ऐसे लोगों का सामाजिक बहिष्कार करने की अपील की।
आप सांसद ने अग्निवीर योजना की आलोचना करते हुए कहा कि चार साल की सेवा के बाद युवाओं को पेंशन और अन्य सुरक्षा लाभों को लेकर अनिश्चितता का सामना करना पड़ता है। उन्होंने भाजपा नेताओं से अपने परिवारों के युवाओं को भी अग्निवीर योजना के तहत सेना में भेजने की चुनौती दी। उन्होंने चीन से जुड़े सुरक्षा मुद्दों का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार की नीति पर भी सवाल उठाए।
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सार्वजनिक क्षेत्र की संपत्तियां निजी हाथों में सौंप रही है। उन्होंने सड़क निर्माण और बुनियादी ढांचे की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। मतदाता सूची के मुद्दे पर उन्होंने चुनाव आयोग और सरकार की आलोचना करते हुए दावा किया कि उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित