वाराणसी , सितंबर 1 -- आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मंगलवार को केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे वाले क्षेत्रों में अडानी समूह को ठेके मिलने का सिलसिला जारी है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "जहां-जहां मोदी जाएंगे, वहां-वहां अडानी का ठेका साथ होगा।" श्री सिंह ने दावा किया कि केंद्र सरकार ने 43 निजी कंपनियों के करीब 3.53 लाख करोड़ रुपये के कर्ज माफ किए हैं और सवाल उठाया कि सरकार किसके हित में काम कर रही है।
श्री सिंह ने कहा कि छोटे कारोबारियों, छात्रों और आम लोगों पर कर्ज वसूली का दबाव बनाया जाता है, जबकि बड़े कारोबारियों के कर्ज माफ किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि इतनी राशि किसानों के कर्ज माफ करने में खर्च की जाती तो उन्हें बड़ी राहत मिल सकती थी।
आप सांसद ने वाराणसी के कोनिया स्थित विद्यालय का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ी आबादी वाले क्षेत्र के विद्यालय को मरम्मत के नाम पर करीब तीन वर्ष पहले दूसरी जगह स्थानांतरित किया गया था, लेकिन यू-डायस पर विद्यालय के संचालन और विद्यार्थियों से संबंधित विवरण दर्ज होने का दावा किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पार्टी प्रवक्ता मुकेश सिंह ने मौके पर जाकर विद्यालय की स्थिति का वीडियो बनाया, जिसके बाद उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया । श्री सिंह ने प्रशासन को एक माह का समय देते हुए कहा कि विद्यालय की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आप दोबारा अभियान चलाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित