अलवर , जुलाई 23 -- राजस्थान में अलवर में किसानों के हितों से जुड़ी अलवर क्रय-विक्रय सहकारी समिति लिमिटेड में करीब 12 वर्ष बाद हुए चुनाव में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के समर्थक और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं नगर निगम के पूर्व सभापति संजय सिंह नरूका को सर्वसम्मति से निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिया गया।

वहीं लक्ष्मी नारायण सैनी उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। इस चुनाव को जिले की सहकारिता राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।

निर्वाचन अधिकारी लोकेन्द्र पाल ने गुरुवार को बताया कि 13 जुलाई से शुरू हुई निर्वाचन प्रक्रिया के तहत पहले 11 संचालक मंडल सदस्य निर्विरोध चुने गये। इनमें पांच व्यक्तिगत और छह सहकारी समितियों के प्रतिनिधि शामिल हैं। इसके बाद सभी 11 सदस्यों ने सर्वसम्मति से संजय सिंह नरूका को अध्यक्ष और लक्ष्मी नारायण सैनी को उपाध्यक्ष निर्वाचित किया।

अध्यक्ष बनने के बाद संजय सिंह नरूका ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता किसानों के हितों की रक्षा होगी। किसानों को समय पर उर्वरक, बीज और सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जायेगा। समिति समर्थन मूल्य पर कृषि उपज की खरीद करेगी। इसका कार्यक्षेत्र अलवर, ग्रामीण, थानागाजी और बानसूर तक फैला हुआ है।

श्री नरूका ने कहा कि कई ग्राम सेवा सहकारी समितियों में किसानों के नाम पर फर्जी ऋण, व्यवस्थापकों की शिकायतें और आर्थिक अनियमितताओं की जानकारी मिली है। कई समितियां भारी कर्ज में डूबी हैं और ऋण वसूली भी नहीं हो पा रही है। ऐसे मामलों में शून्य सहिष्णुता की नीति अपनायी जायेगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए समितियों की आर्थिक स्थिति मजबूत की जायेगी।

उन्होंने बताया कि अलवर क्रय-विक्रय सहकारी समिति का पहला पैट्रोल पंप समिति कार्यालय के पास स्थापित किया जायेगा। यह पैट्रोल पंप पुलिस अन्वेषण भवन के निकट होगा। इसके लिये हिंदुस्तान पैट्रोलियम कंपनी के साथ करार हो चुका है। जमीन के भूमि उपयोग परिवर्तन की फाइल नगर विकास न्यास के बाद नगरीय विकास विभाग जयपुर में लंबित है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित