रुद्रपुर , जून 24 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंहनगर में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कोतवाली पंतनगर क्षेत्र के अंतर्गत नव स्थापित 'संजय वन पुलिस चौकी' का बुधवार को भव्य शुभारंभ किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति की अगुवाई में वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और हवन-यज्ञ के साथ इसका शुभारंभ किया गया। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने दीप प्रज्वलित कर चौकी का औपचारिक उद्घाटन किया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऊधमसिंहनगर पुलिस "सुरक्षा, सेवा और विश्वास" के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संजय वन पुलिस चौकी की स्थापना से पंतनगर क्षेत्र में पुलिस की पहुंच और प्रभावशीलता बढ़ेगी, जिससे लोगों को त्वरित सहायता मिल सकेगी और पुलिस-जन संवाद भी मजबूत होगा।

उन्होंने कहा कि नई चौकी के संचालन से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी। साथ ही आमजन की शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जा सकेगा। एसएसपी ने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील भी की।

जानकारों के अनुसार संजय वन चौकी के शुरू होने से पंतनगर क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बढ़ेगी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। स्थानीय लोगों को अब छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान और पुलिस सहायता के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।

उद्घाटन समारोह में पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, गणमान्य नागरिक, क्षेत्रवासी और अन्य अतिथि बड़ी संख्या में मौजूद रहे। नई चौकी को क्षेत्र में सुरक्षा और जनसुविधाओं के लिहाज से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित