मुंबई , फरवरी 23 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मीडिया विंग प्रमुख नवनाथ बान ने सोमवार को आरोप लगाया कि राज्यसभा सीट को लेकर ठाकरे गुट (यूबीटी), शरद पवार समूह और कांग्रेस के बीच खींचतान चल रही है।

श्री बान ने यहां प्रदेश भाजपा कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दावा किया कि श्री उद्धव ठाकरे को फिर से विधायक बनाने और राज्यसभा के लिए खुद का दोबारा चुनाव पक्का करने के लिए श्री संजय राउत कांग्रेस के आगे झुक गए हैं और श्री शरद पवार गुट के वफादार हैं। उन्होंने कहा कि श्री राउत मांग कर रहे हैं कि विधान परिषद सीट श्री उद्धव ठाकरे को मिलनी चाहिए लेकिन आखिरी फैसला कांग्रेस पर निर्भर करता है। उन्होंने उन खबरों का जिक्र किया जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा था कि राज्यसभा सीट कांग्रेस को मिलनी चाहिए, जिसके बाद पार्टी विधान परिषद सीट के लिए शिवसेना( यूबीटी) का समर्थन करने पर विचार करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित