जालौन , मई 20 -- उत्तर प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग राज्य मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार ने बुधवार को विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सख्त निर्देश दिए। बैठक में प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, पोषण, पेंशन और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आमजन को राहत और सुविधाएं उपलब्ध कराना होना चाहिए।
प्रभारी मंत्री ने पीएम सूर्य घर योजना को जनआंदोलन के रूप में संचालित करने के निर्देश देते हुए कहा कि नगर निकायों में वार्डवार अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को योजना से जोड़ा जाए। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों को किसानों को समय से खाद और बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही खरीद केंद्रों पर पेयजल, छाया और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा।
दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग को निर्देश दिए गए कि ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर दिव्यांग प्रमाण पत्र और पेंशन आवेदन की प्रक्रिया मौके पर ही पूरी कराई जाए। फैमिली आईडी अभियान की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना में पारदर्शिता बनाए रखने और पात्र परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
बैठक में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी चर्चा की गई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और शासन की मंशा के अनुरूप कार्य किया जाए। बैठक में राजेश कुमार पाण्डेय, विनय कुमार सिंह सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित