मुंबई , सितंबर 02 -- भिनेत्री संजना सांघी ने वर्ष 2020 में प्रदर्शित फिल्म 'दिल बेचारा' में किजी बसु के किरदार से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। बतौर मुख्य अभिनेत्री छह वर्ष के सफर में संजना ने अलग-अलग तरह के किरदार निभाने के साथ ही सामाजिक और युवा मुद्दों पर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी पहचान बनाई है।

'दिल बेचारा' के बाद संजना ने 'ओम: द बैटल विदिन' में एक्शन से भरपूर भूमिका निभाई, जबकि 'कड़क सिंह' में साक्षी के किरदार के जरिए भावनात्मक और जटिल रिश्ते को पर्दे पर पेश किया। पंकज त्रिपाठी के साथ उनके अभिनय को भी सराहना मिली।

संजना की सक्रियता सिनेमा तक सीमित नहीं रही है। वह संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करने वाली कम उम्र की भारतीयों में शामिल रही हैं। इसके अलावा वह युवा विकास से जुड़े अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी अपनी बात रख चुकी हैं और मिलेनियम कैंपस नेटवर्क के बोर्ड ऑफ एडवाइजर्स का हिस्सा रही हैं।

वह संयुक्त राष्ट्र के 'यंग लीडर्स फॉर द सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स' कार्यक्रम में विशिष्ट जज की भूमिका भी निभा चुकी हैं। सामाजिक सरोकारों के तहत उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान 'हियर टू हियर' नामक पहल शुरू की थी, जिसका उद्देश्य युवाओं को मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों और काउंसलिंग संसाधनों तक नि:शुल्क पहुंच दिलाना था।

संजना जेंडर समानता, मासिक धर्म स्वच्छता और युवा नेतृत्व वाले सामाजिक नवाचार जैसे मुद्दों पर भी लगातार अपनी आवाज उठाती रही हैं। अभिनय और सामाजिक सक्रियता के इस मेल ने उन्हें मनोरंजन जगत में एक अलग पहचान दिलाई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित