मुरादाबाद , मार्च 29 -- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) शताब्दी वर्ष में विशेष अभियान में कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, स्व का बोध, नागरिक कर्तव्य और पर्यावरण संरक्षण समेत जीवन में 'पांच परिवर्तन' अपनाने पर बल दिया।
महानगर प्रचार प्रमुख संजीव चौधरी ने रविवार को बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) मुरादाबाद महानगर द्वारा रेड सफायर और पर्यटन विभाग के राही होटल में अलग- अलग दो प्रमुख जन गोष्ठियों का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों के प्रमुख नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संघ के क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य (पश्चिम क्षेत्र) किशनचंद ने बताया कि डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार जी ने 1925 में विजयादशमी के दिन संघ की स्थापना की थी। वे स्वतंत्रता संग्राम के दौरान दो बार जेल जा चुके थे और जेल से रिहाई पर मोतीलाल नेहरू, हकीम अजमल खान, सी. राजगोपालाचारी जैसी दिग्गज हस्तियों ने उनका स्वागत किया था।
इस अवसर पर क्षेत्र संपर्क प्रमुख हरीश रोतेला जी ने कहा कि आज संघ विश्व के करीब 40 देशों में हिंदू समाज को संगठित कर रहा है। उन्होंने संघ के सेवा कार्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सेवा भारती के माध्यम से 1,32,000 से अधिक सेवा प्रकल्प चलाए जा रहे हैं, जिनमें एकल विद्यालय, निशुल्क चिकित्सालय, महिला सशक्तिकरण, गो-संवर्धन और आपदा राहत प्रमुख हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित