ग्वालियर , जून 17 -- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में संघ के आदय सरसंघचालक डा केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर आधारित एक नाटक प्रस्तुति युग प्रवर्तक डा हेडगेवार का मंचन 22 जून सोमवार को अटलबिहारी वाजपेयी सभागार जीवाजी विश्वविद्यालय में सायं साढे छह बजे से किया जाएगा।

नाटक में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क है। नाटक का मध्यप्रदेश में 46 वां संस्करण है।

संघ के विभाग संघ चालक प्रहलाद सबनानी ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि यह नाटक स्थानीय संस्कार भारती के मार्गदर्शन में नागपुर के नादब्रम्ह संस्था के 45 कलाकारों द्वारा किया जाएगा। इसमें जरूरत पडने पर 25 स्थानीय कलाकार भी हिस्सा ले सकेंगे। इसके माध्यम से डा हेडगेवार के जीवन पर प्रकाश डाला जायेगा। उल्लेखनीय है कि शताब्दी वर्ष की श्रंखला में पूरे देश में लगभग 200 से अधिक स्थानों पर नाटक का मंचन किया जायेगा। इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग का सहयोग प्राप्त है। अभी तक मध्यप्रदेश में पांच स्थानों पर मंचन किया जा चुका है।

नाटक के संरक्षक रवि भुसारी जी है वहीं निर्माता पदमाकर धानोकर हैं जबकि लेखक डा अजय प्रधान तथा निर्देशक सुबोध सुदीकर है। संगीत संयोजन शैलेश दाधी द्वारा किया गया है। नाटक में डा हेडगेवार के बचपन से लेकर राष्ट्र निर्माण संगठन को खडा करने की भूमिका उनके विचारों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। नाटक दो घंटे का होगा। यह ध्वनि एवं प्रकाश माध्यम से होगा। इसमें सेट एलईडी वाल्व होगा ।

श्री सबनानी ने अधिक से अधिक लोगों से नाटक देखने पहुंचने की अपील की है।

पत्रकार वार्ता में संयोजक संस्कार भारती शेखर दीक्षित, संस्कार भारती कला प्रांत प्रमुख प्रदीप दीक्षित तथा चन्द्रप्रताप सिंह संस्कार भारती महामंत्री भी उपस्थित थे। इस अवसर पर एक पोस्टर का विमोचन भी किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित