नयी दिल्ली , अप्रैल 02 -- गुरुवार को ब्यूनस आयर्स के टिगरे इलाके के एक स्थानीय पार्क में संग्राम सिंह को अपने कोच भूपेश कुमार के साथ सुबह योग और प्राणायम का अभ्यास करना मंहगा साबित हुआ। देखते ही देखते वहां अर्जेंटीनी लोगों की भीड़ लग गई। फिनोलेक्स पाइप्स की डायरेक्टर रितु छाबड़िया ने बताया कि उस समय कुछ लोग स्पेनिश बोल रहे थे और कुछ इटैलियन जबकि संग्राम सिंह के गाइड ने बताया कि लेवांटाइन एरेबिक और वहां की स्थानीय भाषा केचुआ और गुआरानी में उनसे सवाल करने वालों की भी कमी नहीं थी। पहले तो संग्राम सिंह ने उन्हें गूगल ट्रांसलेशन के ज़रिए योग और फिटनेस के महत्व को बताया, जिससे कुछ उत्साही उनके साथ योग का अभ्यास करने लगे मगर बढ़ती भीड़ के मद्देनज़र उन्हें अपने इस कार्यक्रम को अगले दिन के लिए मुलतवी करना पड़ा। उन्हें वहां गुरुवार को जुजुत्सू के स्पेशल सेशन में भाग लेना था, जहां उनका आधे से ज़्यादा सेशन निकल गया।

गौरतलब है कि सैमुराई फाइट हाउस दो बार के कॉमनवेल्थ हैवीवेट चैम्पियन संग्राम सिंह और फ्रांस के तेज़ी से उभरते फ्लोरियन काउडियर की एमएमए फाइट को रविवार, पांच अप्रैल को ब्यूनस आयर्स में आयोजित कर रहा है। इस बारे में हैनरिक के जितेंद्र सिंह ने बताया कि फुटबॉल क्रेज़ी इस देश में भारतीय योग के लिए ऐसा उत्साह दिखना एक अच्छा संकेत है। उन्होंने बताया कि आठ साल पहले ब्यूनस आयर्स में यूथ ओलिम्पिक का आयोजन किया गया था, तब मनु भाकर और सौरभ चौधरी ने गोल्ड मेडल जीते थे। तब अर्जेंटीना की खेल प्रेमी जनता इन दोनों की एकाग्रता की मुरीद बन गई थी। जितेंद्र ने बताया कि संग्राम ने भी उन्हीं की तरह प्राणायाम करके योग के महत्व को उन्हें गूगल ट्रांसलेशन के जरिए समझाने की कोशिश की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित