नयी दिल्ली , मार्च 18 -- संग्राम सिंह के खिलाफ अर्जेंटीना के शहर ब्यूनस आयर्स में होने वाली एमएमए फाइट में उनका फ्रांस का प्रतिद्वंद्वी मौटेऊ मोटेइरो मुकाबले से हट गया है। वह घुटने में इंजरी की वजह से इस फाइट में नहीं लड़ सकेगा। उनकी जगह अब फ्रांस के ही एक अन्य फाइटर फ्लोरियन काउड्रे को दी गई है। यह मुक़ाबला पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रविवार पांच अप्रैल को अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स के टाइग्रे में आयोजित किया जाएगा।
इस बारे में मौटेऊ मोटेइरो ने अपने फैंस से माफी मांगी है। उनका कहना है कि प्रैक्टिस के दौरान वह घुटने में इंजरी के शिकार हो गए हैं। उन्हें इस तरह से एमएमए की एक प्रतिष्ठित फाइट में भाग न लेने का बड़ा मलाल रहेगा। यह एक मुश्किल फैसला था लेकिन वह आयोजकों और अपने विपक्षी से इसके लिए माफी मांगते हैं लेकिन साथ ही वह अपनी टीम और परिवार के बेहद आभारी हैं जो उनकी भविष्य में वापसी को लेकर जुटे हुए हैं।
वहीं संग्राम सिंह ने कहा कि मोटेइरो के हटने का उन्हें भी अफसोस है क्योंकि उनके सभी कोचों ने मोटेइरो की तैयारी के वीडियो देखकर उन्हें तैयारी कराई थी लेकिन उन्हें लगता है कि उनका नया प्रतिद्वंद्वी ज़्यादा गुपचुप तरीके से तैयारी करने में यकीन रखता है। इसीलिए उसने सोशल मीडिया में अपनी तैयारियों के वीडियो तक नहीं डाले हैं। जापान के रेसलर भी अपने वीडियो सोशल मीडिया पर आमतौर पर नहीं डालते। यह सोचकर कि कही उनके विपक्षी उनके खेल के हिसाब से कोई रणनीति न बना लें। संग्राम सिंह ने कहा कि जब अपने विपक्षी के बारे में ज़्यादा पता न हो तो फिर काम और भी ज़्यादा चैलेंजिंग हो जाता है। उन्होंने कहा कि अब नया प्रतियोगी उनसे 15 साल छोटा है।
सैमुराई फाइट एसोसिएशन के आयोजक मार्टिन पैककियाज़ ने इस अवसर पर संग्राम सिंह को भेजे संदेश में कहा है कि आपका अर्जेंटीना में आकर मुक़ाबला लड़ना हमारे लिए खुशी की बात है। हम आपका स्वागत करते हैं। आप भारत में इस खेल के नम्बर वन फाइटर रहे हैं। आपका इस खेल में एक ताकत के रूप में उभरना बड़ी बात है। आपकी फाइट को देखने के लिए अर्जेंटीना में और आपके फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है।
संग्राम सिंह के कोच भूपेश कुमार ने कहा कि संग्राम की ओवरऑल तैयारियां अच्छी चल रही हैं। दुनिया के टॉप एमएमए के फाइटर रेसलर ही रहे हैं जो अपने खेल में बॉक्सिंग, किक बॉक्सिंग और जुजत्सू की कला पर खास तौर पर ध्यान देते हैं। उन्होंने कहा कि संग्राम का भी इन दिनों ज़्यादा ज़ोर किक बॉक्सिंग पर है। कुश्ती के खेमे, थ्रोइंग और नीचे गिराने की कला के बाद लॉकिंग और चोकिंग इस खेल में काफी मायने रखती है। यहां पांच-पांच मिनट के तीन राउंड होते हैं। इसलिए, उनकी एनड्योरेंस और कंडीशनिंग पर भी काफी काम किया जा रहा है। गौरतलब है कि संग्राम सिंह इन दिनों सात सदस्यों के सपोर्ट स्टाफ के साथ एमएमए फाइट की तैयारी में जुटे हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित