हैदराबाद , अक्टूबर 24 -- तेलंगाना मानवाधिकार आयोग (टीजीएचआरसी) ने संगारेड्डी जिले की एक दवा निर्माण इकाई में क्लोरोफॉर्म के वाष्प के रिसाव से दो श्रमिकों की मौत के मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए जिला कलेक्टर से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने रिपोर्ट जमा करने के लिए 26 नवंबर तक का समय दिया है।
यह घटना 22 अक्टूबर की रात जिन्नारम मंडल के गड्डापोथारम औद्योगिक क्षेत्र स्थित सराका लेबोरेटरीज लिमिटेड में हुई थी।
आयोग ने शनिवार को यहां जारी एक विज्ञप्ति में बताया कि मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, घटना में कई अन्य श्रमिक भी बीमार पड़ गए थे और उन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया था।
अध्यक्ष डॉ. न्यायमूर्ति शमीम अख्तर की अगुवाई वाले आयोग ने प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में आई खबरों के आधार पर मामले का स्वतः संज्ञान लिया।
आयोग ने कहा कि यह घटना औद्योगिक सुरक्षा और संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत प्रदत्त जीवन के अधिकार को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा करती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित