जालंधर , अक्टूबर 19 -- ग्रामीण मजदूर सभा ने पंजाब में संगरूर जिले के अलीशेर कलां गांव में सड़क हादसे में मारे गए मनरेगा मजदूरों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पंजाब सरकार से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। सभा के अनुसार, हादसे में नौ मजदूरों की मौत हुई, जिनमें अधिकांश महिलाएं थीं।
सभा के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन नाहर, प्रेस सचिव बलदेव सिंह नूरपुरी और कोषाध्यक्ष शमशेर सिंह बटाला ने सोमवार को जारी संयुक्त बयान में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार और पुलिस-प्रशासन के रवैये पर रोष जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि हादसे के बाद पुलिस और चिकित्सा टीमें काफी देर से घटनास्थल पर पहुंचीं।
मजदूर नेताओं ने मृतकों के प्रत्येक परिवार को कम से कम 50 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। उन्होंने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों को तत्काल सख्त सजा देने तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की भी मांग की।
सभा ने घायलों के इलाज का पूरा खर्च सरकार द्वारा उठाने और उनके पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग भी की। नेताओं ने कहा कि यदि पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिला तो संगठन स्वतंत्र रूप से और अन्य संगठनों के साथ मिलकर संघर्ष शुरू करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित