जालंधर , अक्टूबर 04 -- पंजाब के संगरूर में अनुसूचित जाति समुदाय के एक युवक की मौत के मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने पंजाब प्रशासन और पुलिस से 15 दिन के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अनुसूचित जाति मोर्चा, पंजाब के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक शीतल अंगुराल ने रविवार को बताया कि उन्होंने मामले में न्याय की मांग को लेकर आयोग को शिकायत दी थी, जिस पर आयोग ने संज्ञान लेते हुए संगरूर के उपायुक्त और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी किया है।उन्होंने बताया कि आयोग ने मामले की जांच, पुलिस कार्रवाई, दर्ज प्राथमिकी और संबंधित धाराओं, आरोपियों की गिरफ्तारी, आरोपपत्र तथा पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजे से संबंधित जानकारी मांगी है।

नोटिस के अनुसार, निर्धारित अवधि में जवाब नहीं मिलने पर आयोग संविधान के अनुच्छेद 338 के तहत संबंधित अधिकारियों को आयोग के समक्ष उपस्थित होने के लिए समन जारी कर सकता है।

श्री अंगुराल ने कहा कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए तथा यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आयोग के हस्तक्षेप से मामले की जांच में तेजी आने और पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित