चंडीगढ़ , सितंबर 03 -- पंजाब में भारतीय जनता पार्टी को उस समय मजबूती मिली जब संगरूर में आम आदमी पार्टी (आप) के मौजूदा पार्षदों और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) से जुड़े एक वरिष्ठ नेता ने गुरुवार को भाजपा का दामन थाम लिया।
इन नेताओं ने पंजाब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सरदार के.एस. ढिल्लों और प्रदेश महासचिव जीवन गर्ग की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा में शामिल होने वालों में वार्ड नंबर 26 से आप के मौजूदा नगर पार्षद, जिला उपाध्यक्ष और आप के पिछड़ा वर्ग (बीसी) इकाई के पूर्व पदाधिकारी सरदार परमिंदर सिंह (पिंकी), वार्ड नंबर 24 से मौजूदा नगर पार्षद सरदार हरप्रीत सिंह सेखों तथा पूर्व अकाली नेता, पूर्व आप जिला स्तरीय नेता, अग्रवाल सभा के उपाध्यक्ष और ट्रेड विंग के सचिव ललित गर्ग शामिल हैं।
नये सदस्यों का स्वागत करते हुए श्री ढिल्लों ने कहा कि विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े जमीनी नेताओं का भाजपा में शामिल होना पार्टी के नेतृत्व और नीतियों में बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब में एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में उभर रही है और विभिन्न राजनीतिक पृष्ठभूमि के नेता संगठन को मजबूत करने के लिए आगे आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसे अनुभवी नेताओं और जनप्रतिनिधियों का स्वागत करती है, जो मजबूत, समृद्ध और विकसित पंजाब के निर्माण में योगदान देना चाहते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नये शामिल हुए नेताओं का अनुभव और जनसंपर्क संगरूर तथा आसपास के क्षेत्रों में पार्टी संगठन को और मजबूत करेगा।
भाजपा में शामिल नेताओं ने पार्टी नेतृत्व और नीतियों में विश्वास जताते हुए संगठन को मजबूत करने तथा भाजपा के कार्यक्रमों और विचारधारा को पंजाब के लोगों तक पहुंचाने के लिए समर्पित होकर काम करने का संकल्प लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित