चंडीगढ़ , अक्टूबर 02 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अनुसूचित जाति मोर्चा, के उपाध्यक्ष परमजीत सिंह कैंथ ने संगरूर जिले में अनुसूचित जाति समुदाय के एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार को लेकर सामने आये आरोपों पर चिंता जताते हुए पंजाब सरकार से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
श्री कैंथ ने शुक्रवार को कहा कि परिवार का आरोप है कि मृतक के अंतिम संस्कार के समय उसके परिजन मौजूद नहीं थे। उन्होंने कहा कि मृत व्यक्ति के शव से संबंधित किसी भी कार्रवाई में कानूनी प्रक्रिया के साथ परिवार की भावनाओं, धार्मिक परंपराओं और मानवीय गरिमा का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में यह सामने आता है कि परिवार को अपने सदस्य के अंतिम संस्कार में शामिल होने से गैरकानूनी तरीके से रोका गया था, तो जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
श्री कैंथ ने कहा कि सरकार को आरोपों का राजनीतिक बचाव करने के बजाय मामले के तथ्य सार्वजनिक करने चाहिए। उन्होंने पंजाब पुलिस और प्रशासन से कानून, पारदर्शिता और मानवीय गरिमा के सिद्धांतों के अनुरूप कार्रवाई करने कीमांग की। उन्होंने अनुसूचित जाति से संबंधित कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा से भी मामले पर अपना पक्ष स्पष्ट करने को कहा। उन्होंने राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगने तथा आरोपों की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की।
उन्होंने मृत्यु, पोस्टमार्टम, शव परिजनों को सौंपने और अंतिम संस्कार से संबंधित मामलों के लिए स्पष्ट मानक संचालनप्रक्रिया (एसओपी) लागू करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि गरीबी या अनुसूचित जाति से संबंधित होना किसी नागरिकके मानवीय और पारिवारिक अधिकारों को कम नहीं करता तथा मृतक की गरिमा और परिवार के अधिकारों की रक्षा करना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित