प्रयागराज , मार्च 21 -- संगम नगरी प्रयागराज समेत पूरे उत्तर प्रदेश में प्रेम और भाईचारे का पर्व ईद-उल-फितर हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर ईदगाह और चौक स्थित जामा मस्जिद समेत जिले के सभी ईदगाहों और मस्जिदों में लोगों ने अकीदत के साथ नमाज अदा की। ईद की नमाज में लोगों ने अल्लाह से मुल्क के अमन और चैन की दुआ मांगी है। इसके साथ ही संगम नगरी की गंगा जमुनी तहजीब बरकार रखने के लिए भी लोगों ने अल्लाह ताला से दुआ की। अमन और चैन के इस त्यौहार के मौके पर मुस्लिम भाईयों को हिन्दू, सिख और ईसाई भाइयों ने भी ईदगाह पहुंचकर मुबारकबाद दी है।

गौरतलब है कि ईद का पर्व पूरे तीस दिन का रोजा रखने के बाद चांद के दीदार होने पर मनाया जाता है। शहर में ईद की सबसे बड़ी नमाज ईदगाह में अदा की गई। इस मौके पर पुलिस और प्रशासन के आलाधिकारियों समेत शहर की प्रथम नागरिक मेयर सहित तमाम लोगों ने ईदगाह पहुंचकर एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। रोजेदारों ने ईदगाह के बाहर सुरक्षा में तैनात सुरक्षा कर्मियों और प्रशासन के आला अधिकारियों को गुलाब का फूल देकर उनका शुक्रिया भी अदा किया और ईद की मुबारकबाद दी। ईद के त्यौहार के मद्देनजर जिले के संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त फोर्स और आरएएफ की भी तैनाती की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित