शिलांग , अक्टूबर 08 -- मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने दिल्ली के चाणक्यपुरी में एक पांच सितारा होटलकी पार्किंग में नागालैंड की एक महिला के साथ कथित उत्पीड़न और उसके दोस्तों पर हमले की निंदा और पुलिस से सख्त कार्रवाई करने की अपील की है।

श्री संगमा ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर कहा कि वह नागालैंड की एक महिला के साथ पार्किंग में उत्पीड़न और उसके दोस्तों पर हमले की रिपोर्ट से 'बहुत परेशान' हैं।

उन्होंने कहा, " पूर्वोत्तर के हमारे लोगों पर बार-बार होने वाले ये हमले शर्मनाक हैं और इन्हें रुकना चाहिए," और दिल्ली पुलिस से इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की।

यह घटना गत चार अक्टूबर को तड़के करीब 3.30 बजे चाणक्यपुरी के एक पांच सितारा होटल के पार्किंग एरिया में हुई।

दिल्ली पुलिस ने नागा महिला के साथ कथित उत्पीड़न और उसके दोस्तों पर हमले के सिलसिले में आरोपी दिव्यांशु, गौरव और मोहित को गिरफ्तार किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित