नयी दिल्ली , अप्रैल 13 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस की ओर से चलाए जा रहे "संगठन सृजन अभियान" के तहत राजधानी दिल्ली में बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने के लिए हरि नगर और चांदनी चौक समेत कई क्षेत्रों में बैठक आयोजित की जा रही हैं, जिनमें कार्यकर्ताओं की प्रभावशाली भागीदारी देखने को मिल रही है।

श्री यादव ने बताया कि यह अभियान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की पहल पर शुरू किया गया है, जिसका उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर से पुनर्जीवित करना और सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि इस अभियान से संगठन में पारदर्शिता, जवाबदेही और एकजुटता बढ़ेगी, जबकि गुटबाजी खत्म होगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा और आम आदमी पार्टी की सरकारों से निराश जनता अब कांग्रेस को एक मजबूत विकल्प के रूप में देख रही है।

उन्होंने दिल्ली सचिवालय को मिली बम धमकी को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इससे राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर खामियां उजागर हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही है, जिससे आम जनता में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित