बैतूल , मार्च 20 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में समस्त आदिवासी समाज संगठन ने आगामी संगठनात्मक चुनावों को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं और इसके तहत सदस्यता अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया है।

बैतूल के पड़ापेन ठाना रेन बसेरा सदर में आयोजित सामान्य सभा की बैठक में संगठन की गतिविधियों और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत कर उसकी समीक्षा की गई तथा संविधान के अनुरूप आगामी माह में चुनाव कराने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।

पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए व्यापक जनभागीदारी आवश्यक है, इसलिए चुनाव से पहले सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 15 अप्रैल तक पूरे जिले में संचालित होगा, जिसमें अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

संगठन ने सदस्यता को संरक्षक, आजीवन और साधारण तीन श्रेणियों में विभाजित किया है और प्रत्येक के लिए अलग-अलग शुल्क निर्धारित किया गया है, जिससे संगठन की आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ हो सके। सदस्यता अभियान के लिए योगेश धुर्वे और दिलीप सिंह धुर्वे को प्रभारी नियुक्त किया गया है। बैठक की अध्यक्षता अंतू सिंह मर्सकोले ने की।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुंदरलाल उइके सहित अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। संगठन ने उम्मीद जताई कि सदस्यता अभियान से सामाजिक एकजुटता को नई मजबूती मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित