बारां , अगस्त 04 -- राजस्थान में आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायतराज चुनावों की तैयारियों को लेकर बारां जिले के ब्लॉक कांग्रेस समिति अटरू द्वारा मंडल स्तर की बैठक मंगलवार को कुन्जेड के श्रीपालाजी महाराज धाम, नीचली बगीची में आयोजित हुई।
बैठक में अन्ता विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भारतेन्द्र सिंह सिसोदिया एवं मंडल अध्यक्ष देवकरण मीणा ने बताया कि बैठक में आगामी चुनावों की रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और बूथ स्तर तक कांग्रेस को सशक्त बनाने पर चर्चा की गयी।
बैठक को संबोधित करते हुए श्री भाया ने कहा कि आगामी चुनाव संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता के विश्वास की परीक्षा हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जनसंपर्क बढ़ाने, जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों, युवाओं, महिलाओं, मजदूरों और आमजन के हितों की लड़ाई लड़ती रही है और आगामी चुनावों में जनता का समर्थन पार्टी को मिलेगा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा ने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाकर ही चुनावी सफलता हासिल की जा सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित