बहराइच , अगस्त 08 -- निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद की अध्यक्षता में शनिवार को कपूरथला ऑडिटोरियम में देवीपाटन मंडल के पार्टी पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर सक्रियता, सदस्यता अभियान और जनसंपर्क कार्यक्रमों सहित विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. संजय कुमार निषाद ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता के विश्वास का चुनाव होगा। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाया जाए तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं पार्टी की नीतियों को मछुआ समाज सहित समाज के वंचित वर्गों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। प्रत्येक पदाधिकारी अपने क्षेत्र में नियमित जनसंपर्क अभियान चलाए, नए कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़े और बूथ एवं सेक्टर स्तर की संगठनात्मक संरचना को मजबूत करे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूर्ण समर्पण, अनुशासन और टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में आगामी चुनाव की रणनीति, सदस्यता अभियान, बूथ सशक्तिकरण, जनसंपर्क कार्यक्रम तथा संगठन के विस्तार को लेकर पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे। कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन का संकल्प लिया।
डॉ. निषाद ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्धघुमंतू जनजाति आयोग के गठन के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति निषाद समाज की ओर से आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्धघुमंतू समुदायों को सम्मान, पहचान और अधिकार दिलाने की लड़ाई लंबे समय से चली आ रही है। उनके अनुसार उत्तर प्रदेश में इन समुदायों की लगभग 193 जातियां निवास करती हैं। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी शासन के दौरान इन समुदायों पर क्रिमिनल ट्राइब्स एक्ट जैसे कानून का प्रभाव पड़ा और स्वतंत्रता के बाद भी उन्हें सामाजिक उपेक्षा, विस्थापन और अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ा।
डॉ. निषाद ने कहा कि निषाद, केवट, मल्लाह, बिंद, कहार, कश्यप, धीवर, धीमर और रैकवार सहित मछुआ समाज की विभिन्न उपजातियों ने देश के सामाजिक विकास और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से वंचित रहे समुदायों को अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए प्रभावी प्रयास जरूरी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित