फर्रुखाबाद , अक्टूबर 26 -- उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को फर्रुखाबाद स्थित ऐतिहासिक बौद्ध तीर्थस्थल संकिसा पहुंचकर बौद्ध स्तूप पर बुद्ध वंदना की और पूजा-अर्चना कर परिक्रमा की। उन्होंने भगवान बुद्ध को नमन किया। इसके बाद संकिसा महोत्सव में शामिल होकर बौद्ध अनुयायियों को संबोधित किया। उन्होंने तीर्थस्थल के सर्वांगीण विकास के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए।

जिला मुख्यालय से करीब 38 किलोमीटर दूर संकिसा स्थित गेस्ट हाउस में भाजपा पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में श्री मौर्य ने कहा कि संकिसा एक पवित्र और ऐतिहासिक बौद्ध तीर्थस्थल है। बौद्ध मान्यताओं के अनुसार, भगवान बुद्ध अपनी माता को उपदेश देने के बाद इसी स्थान पर स्वर्ग से अवतरित हुए थे। यह घटना बौद्ध धर्म में विशेष महत्व रखती है।

उन्होंने सम्राट अशोक द्वारा निर्मित स्तूपों की ऐतिहासिक परंपरा और संकिसा के अचल स्तूप की विशिष्टता का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान बुद्ध ने पूरी मानवता को शांति, करुणा और सदाचार का मार्ग दिखाया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। संकिसा भी पिछले कई वर्षों से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर और काशी में श्रीकाशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर संकिसा के बौद्ध तीर्थस्थल को भी कॉरिडोर के माध्यम से विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा। इसके अलावा, तीर्थस्थल को प्रमुख मार्गों से जोड़ने के लिए फोरलेन सड़क निर्माण की योजना पर भी काम होगा।

श्री मौर्य ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दल कितना भी बड़ा गठबंधन बना लें, वे भाजपा का मुकाबला नहीं कर सकते। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी और 300 सीटें हासिल करेगी।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा भाजपा सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और प्रदेश में महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। उनके अनुसार, समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान महिलाओं के साथ हुए अत्याचारों को जनता आज भी नहीं भूली है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार 'सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास' के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता विकास, सुशासन और महिला सुरक्षा के मुद्दों पर भाजपा का समर्थन करेगी।

इस अवसर पर भाजपा सांसद मुकेश राजपूत, विधायक सुशील शाक्य, कायमगंज की विधायक डॉ. सुरभि गंगवार, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा और मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित