जमुई , अप्रैल 30 -- प्रदेश की पूर्व मंत्री और जमुई की विधायक श्रेयसी सिंह ने जमुई जिला मुख्यालय में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए जिला कार्यालय निर्माण के भूमि पूजन कार्यक्रम में विधि-विधान के साथ हिस्सा लिया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गा केसरी, पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह समेत कई पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सुश्री सिंह ने इस अवसर पर संवाददाताओं से कहा कि जमुई में भाजपा का अपना जिला कार्यालय बनना संगठन के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि अब तक पार्टी के कार्यक्रमों और बैठकों के लिए अलग-अलग स्थानों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन कार्यालय बनने के बाद सभी गतिविधियां एक ही स्थान पर सुचारू रूप से संचालित होंगी। इससे कार्यकर्ताओं को सहूलियत मिलेगी और संगठनात्मक कार्यों में तेजी आएगी।

प्रदेश की पूर्व मंत्री ने कहा कि भाजपा लगातार विस्तार कर रही है और कार्यकर्ताओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में एक भव्य और सुविधायुक्त जिला कार्यालय की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित