प्रयागराज , अगस्त 4 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित पौराणिक श्रृंग्वेरपुरधाम में 10 से 14 अगस्त तक पांच दिवसीय 11 लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजन की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। इस धार्मिक आयोजन का नेतृत्व छह वर्षीय श्रीश बाहुबली महाराज कर रहे हैं, जो अपनी कम उम्र में धार्मिक ज्ञान और आयोजन क्षमता के कारण लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

आयोजन की शुरुआत से पहले श्रृंग्वेरपुरधाम में मां गंगा का विधि-विधान से पूजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच वेदाचार्यों और वेद बटुकों ने गंगा पूजन संपन्न कराया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों, संत-महात्माओं और स्थानीय गणमान्य लोगों ने भी सहभागिता की। गंगा पूजन के बाद श्रीश बाहुबली महाराज ने श्रृंग्वेरपुरधाम स्थित श्रीराम घाट पर ऋषि श्रृंगी एवं माता शांता के मंदिर में पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम के सफल और निर्विघ्न आयोजन की प्रार्थना की।

कार्यक्रम की संयोजक दीपा मौर्य ने गंगा पूजन के उपरांत स्थानीय नागरिकों से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन श्रृंग्वेरपुर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने किया। इस अवसर पर महंत माधवदास महाराज, राघवदास महाराज, रघुनंदन दास महाराज, श्रृंग्वेरपुर महोत्सव समिति के अध्यक्ष संजय तिवारी, लालगोपालगंज के पूर्व चेयरमैन प्रदीप केशरवानी सहित अनेक संत, धर्माचार्य और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

आयोजकों के अनुसार पांच दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम में राज्यपाल सहित कई कैबिनेट मंत्रियों को आमंत्रित किया गया है। कई मंत्रियों ने कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दी है और कुछ के लिए प्रोटोकॉल की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।

उल्लेखनीय है कि छह वर्षीय श्रीश बाहुबली महाराज को श्रीरामचरितमानस की अनेक चौपाइयां और विभिन्न संस्कृत श्लोक कंठस्थ हैं। इतनी कम आयु में 11 लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण जैसे विशाल धार्मिक आयोजन का नेतृत्व करने के कारण उनकी व्यापक चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी उनके इस प्रयास की सराहना की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित