अमृतसर , अप्रैल 09 -- शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने गुरुवार को श्री हरिमंदिर साहिब में आधुनिक तकनीक के साउंड सिस्टम की शुरुआत की । इस साउंड सिस्टम की सेवा इंग्लैंड के श्रद्धालु परिवारों द्वारा की गई है।
इस अवसर पर एडवोकेट धामी ने कहा कि संगत की सुविधा को ध्यान में रखते हुए श्री दरबार साहिब परिसर में समय-समय पर विभिन्न सेवाएँ करवाई जाती हैं। पूर्व में अंतरिम कमेटी ने यहाँ आधुनिक तकनीक वाला साउंड सिस्टम लगाने का निर्णय लिया था। इस कार्य की सेवा इंग्लैंड निवासी गुरसेवक सिंह शेरगिल, गुलिंदर सिंह, जतिंदर सिंह हेयर, रणजीत सिंह सग्गू, प्रदीप सिंह निज्जर और गुरप्रीत सिंह संधू के परिवारों द्वारा करवाई गई है।
एसजीपीसी अध्यक्ष ने बताया कि इंग्लैंड में स्थापित किए गए सिख मिशन के बारे में भी चर्चा हुई। इस केंद्र के माध्यम से इंग्लैंड की संगत को गुरुद्वारों के दर्शन के लिए आने में सहयोग देने के साथ-साथ धर्म प्रचार के कार्य किए जाएंगे। इसके लिए एसजीपीसी के प्रतिनिधि भी इंग्लैंड भेजे जाएंगे।
इंग्लैंड से आए गुरसेवक सिंह शेरगिल ने गुरु साहिब का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि यह पूरी तरह आधुनिक तकनीक पर आधारित सिस्टम है। श्री दरबार साहिब परिसर में अलग-अलग स्थानों पर कुल 130 स्पीकर लगाए गए हैं।
श्री दरबार साहिब के सूचना केंद्र में एडवोकेट धामी ने सेवा करने वाले परिवारों को सम्मानित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित