सहारनपुर , सितंबर 21 -- श्रीरामा मंडल रामलीला सेवा ट्रस्ट (रजि.) देवबंद के तत्वावधान में आयोजित होने वाले श्री रामलीला-दशहरा महोत्सव वर्ष 2026 के लिए धर्मध्वज स्थापना, भूमि पूजन एवं बल्ली पूजन विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ रामलीला भवन में संपन्न हुआ।

बैंड-बाजे की मधुर धुनों के बीच रामलीला भवन पर धर्मध्वज स्थापित करने के साथ ही वर्ष 2026 की रामलीला मंचन की प्रक्रिया विधिवत आरंभ हो गई। धर्म ध्वज की स्थापना संयुक्त रूप से सुशील सिंघल एवं अरविंद सिंघल, भूमि पूजन अरुण गुप्ता भाजपा नगराध्यक्ष द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में बोलते हुए वरिष्ठ पत्रकार अशोक गुप्ता, राजेश गुप्ता ने भगवान श्रीराम को भारतीय संस्कृति का आदर्श बताते हुए कहा कि अपना सम्पूर्ण जीवन श्रीराम ने आदर्शों को स्थापित करने में लगाया। आर.एस.एस. की कुटुंब प्रबोधन गतिविधि के विभाग संयोजक आशुतोष गुप्ता, अरुण गुप्ता नगराध्यक्ष भाजपा, राजीव गुप्ता ने अपने संबोधन में रामलीला मंचन को विश्व का सबसे विशाल आयोजन बताते हुए कहा कि न केवल भारत में अपितु विश्व के अनेक देशों में एक साथ रामलीला का आयोजन किया जाता है, जो इस बात का प्रमाण हैं कि भगवान श्रीराम का जीवन दर्शन पूरे विश्व के लिए कल्याणकारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित