उज्जैन , जून 12 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन व्यवस्था भंग होने से संबंधित सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद जांच पूरी होने तक दो सुरक्षा कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के सहायक प्रशासक आशीष फलवाया ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि 11 जून को सुबह लगभग 6:45 बजे टनल मार्ग से गणेश मंडप में प्रवेश करने वाली दर्शन कतार में कुछ श्रद्धालुओं द्वारा कतार तोड़कर निर्धारित व्यवस्था को भंग करने का प्रयास किया गया था।
उन्होंने कहा कि कतार कूदकर नियमों की अवहेलना करने और अराजकता फैलाने के ऐसे प्रयासों से न केवल दर्शन व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने का खतरा भी बन जाता है। इससे अन्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
विज्ञप्ति के अनुसार कतार व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा बनाए रखने के लिए सुरक्षा कर्मियों ने संबंधित व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ श्रद्धालुओं द्वारा अभद्रता और धक्का-मुक्की की गई। वीडियो में अन्य श्रद्धालु भी व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कतार तोड़ने वाले व्यक्तियों को हटाने का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं।
समिति ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अन्य सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए संबंधित व्यक्तियों को कतार क्षेत्र से बाहर कर दिया। उपलब्ध वीडियो फुटेज और प्रारंभिक तथ्यों की जांच में संबंधित सुरक्षा कर्मियों की कोई स्पष्ट त्रुटि परिलक्षित नहीं हुई है तथा उनके द्वारा दायित्वों का निर्वहन किया जाना पाया गया है।
इसके बावजूद मामले की गंभीरता और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संबंधित दो सुरक्षा कर्मियों को विस्तृत जांच पूरी होने तक निलंबित कर दिया गया है।
समिति ने यह भी बताया कि दर्शन व्यवस्था भंग करने और सुरक्षा कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले संबंधित श्रद्धालुओं के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई किए जाने के लिए महाकाल थाना को पत्र भेजा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित