जयपुर , फरवरी 06 -- श्री पी एम रुंगटा फाउंडेशन श्री पी.एम. रुंगटा मेमोरियल गोल्फ कप-2026 का आठ फरवरी को राजस्थान की राजधानी जयपुर में आयोजन करेगा जिसमें पूर्व क्रिकेट कप्तान कपिल देव सहित कई हस्तियां भाग लेंगी।
फाउंडेशन के ट्रस्टी किशोर रुंगटा एवं गौरव रुंगटा और रामबाग गोल्फ क्लब के सचिव समृद्ध शर्मा ने शुक्रवार को यहां श्री पी एम रुंगटा मेमोरियल गोल्फ कप-2026 की हस्तनिर्मित, गोल्ड-प्लेटेड रोलिंग ट्रॉफी का अनावरण किया इस अवसर पर किशोर रुंगटा ने मीडिया को बताया कि अपने दूसरे संस्करण के साथ लौट रहा यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट खेल भावना, सौहार्द और सामुदायिक कल्याण को समर्पित वार्षिक परंपरा को और मजबूत करता है।
श्री गौरव रुंगटा ने बताया कि कई प्रतिष्ठित हस्तियां पूर्व क्रिकेटर कपिल देव, मदन लाल एवं गगन खोड़ा सहित 144 गोल्फर इसमें भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि इसमें लेफ्टिनेंट जनरल मजींदर सिंह, भारतीय रेल के अधिकारी अमिताभ तथा न्यायपालिका से जुड़े प्रतिनिधि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों की सहभागिता भी रहेगी।
उन्होंने कहा कि श्री पी.एम. रुंगटा मेमोरियल गोल्फ कप केवल एक खेल आयोजन नहीं है बल्कि यह श्री पीएम रुंगटा की उत्कृष्टता और सेवा की स्थाई विरासत को समर्पित एक श्रद्धांजलि है। दूसरे संस्करण के माध्यम से इस परंपरा को आगे बढ़ाया जा रहा हैं जिसमें कॉरपोरेट लीडर्स, सरकारी प्रतिनिधि और खेलप्रेमी सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रोफेशनल्स एक साथ आकर गोल्फ की भावना का उत्सव मनायेंगे हैं और सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करते हैं।
उन्होंने बताया कि इस बार टूर्नामेंट स्टेबलफोर्ड सिंगल पियोरिया फॉर्मेट में खेला जाएगा। इसमें खिलाड़ी प्रत्येक होल पर अपने प्रदर्शन के आधार पर स्टेबलफोर्ड पॉइंट्स अर्जित करेंगे जबकि सिंगल पियोरिया सिस्टम के माध्यम से राउंड के बाद हैंडीकैप निर्धारित किया जाएगा। यह व्यापक रूप से सम्मानित फॉर्मेट प्रतिस्पर्धा और सहज भागीदारी के बीच संतुलन बनाता है, जिससे विभिन्न कौशल स्तर के गोल्फर्स समान अवसर के साथ मुकाबला कर सकते हैं और उच्च-स्तरीय गोल्फ का रोमांच बना रहता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित