धार , अगस्त 17 -- मध्यप्रदेश में धार नगर में चातुर्मास के लिए श्री पार्श्वनाथ जैन धर्मशाला में विराजित पूज्य साध्वी जितेशरत्ना श्रीजी महाराज साहब की पावन निश्रा में भगवान श्री नेमिनाथ प्रभु का जन्म कल्याणक महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर श्री संघ में सुबह से ही उत्साह और उल्लास का वातावरण रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत शक्रास्तव अभिषेक से हुई। परमात्मा का विभिन्न द्रव्यों और औषधीय सामग्री से अभिषेक किया गया, जिसमें श्री संघ के 11 लाभार्थी परिवारों ने भाग लिया। अभिषेक के दौरान आजादी महोत्सव की झलक भी देखने को मिली। केसरिया, सफेद और हरे रंग से एक साथ किए गए अभिषेक में तिरंगे के स्वरूप में प्रभु के दर्शन हुए। इसके बाद पुष्प और वासक्षेप से प्रभु का अभिषेक किया गया।
पीयूष जैन ने बताया कि लाभार्थी परिवारों के बाद श्री संघ के महिला-पुरुष सदस्यों ने सामूहिक रूप से अभिषेक किया। इसके पश्चात परमात्मा के समक्ष भक्ति, संगीत और नृत्य के माध्यम से जन्मोत्सव मनाया गया। दोपहर में स्थानीय राजेंद्र भवन में त्रिशला ग्रुप द्वारा साध्वी जी की निश्रा में सामूहिक सामयिक, प्रश्न मंच और लकी ड्रा का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में समाजजनों ने सहभागिता की।
रात्रि में श्री संघ द्वारा परमात्मा की सुंदर अंगरचना की गई। मंदिर में आयोजित भक्ति कार्यक्रम में समाजजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भक्ति के भाव में आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान श्री संघ अध्यक्ष प्रकाश बाफना, वर्धमान सुराणा, चातुर्मास समिति अध्यक्ष रोहित नाहर सहित अन्य पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित