अमृतसर , अगस्त 20 -- सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में देश-विदेश से पहुंचने वाली संगत को विभिन्न गुरुद्वारा साहिबान के दर्शन करवाने के लिए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) द्वारा चलाई जा रही बसों में बीती रात हुई तोड़फोड़ की घटना की एसजीपीसी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने कड़े शब्दों में निंदा की है।
एडवोकेट धामी ने गुरुवार को कहा कि श्री दरबार साहिब से जुड़ी संगती सेवाओं को नुकसान पहुंचाने की यह हरकत बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में रोजाना बड़ी संख्या में संगत पहुंचती है और उनकी आवागमन सुविधा के लिए एसजीपीसी द्वारा चलाई जा रही बसें सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि गुरु घर के वाहनों को नुकसान पहुंचाना न केवल घटिया मानसिकता का प्रदर्शन है, बल्कि संगत की सेवाओं में बाधा डालने और सेवा कार्य को प्रभावित करने का प्रयास भी है।
एसजीपीसी अध्यक्ष ने बताया कि कमेटी की ओर से भी इस मामले की अपने स्तर पर जांच करवाई जा रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपील की कि घटना को गंभीरता से लेते हुए इसकी पूरी जांच की जाये और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित