पुरी , मार्च 05 -- ओड़िशा के पुरी में श्री जगन्नाथ मंदिर के मुख्य प्रशासक अरबिंद पाढ़ी ने अनुष्ठान में बाधा डालने के आरोप में तीन वरिष्ठ सेवादारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
खबरों के अनुसार इन्होंने 28 फरवरी को मंदिर के नियमित अनुष्ठानों में बाधा डाली, जिसकी वजह से भगवान को लगाए जाने वाले भोग में काफी देरी हुई। इस देरी के कारण सैकड़ों श्रद्धालुओं को बिना महाप्रसाद लिए ही लौटना पड़ा। यही नहीं महाप्रसाद काफी देर से तैयार देने से उसे बाद में फेंकना पड़ा।
श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद तैयार करने वाले रसोईए 'सुआर' और 'महा सुआर' निजोग को इस हंगामे के कारण भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो वे अपना विरोध और तेज करेंगे।
मंदिर प्रशासन ने इस घटना को बड़ी गंभीरता से लिया है और सेवादार माधव खुंटिया, मधुसूदन खुंटिया और रामचंद्र खुंटिया से एक हफ्ते के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने को कहा है। श्री पाढ़ी ने जोर देकर कहा कि भगवान की सेवा में किसी भी तरह की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अनुष्ठान के समय का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित