गोरखपुर , जुलाई 15 -- गुरु पूर्णिमा सप्ताह के उपलक्ष्य में श्री गोरखनाथ मंदिर में 23 जुलाई से भव्य श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रयागराज से पधारे कथाव्यास आचार्य शांतनु जी महाराज, श्रद्धालुओं को पावन कथामृत का रसपान कराएंगे। श्रीराम कथा का विश्राम गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर 29 जुलाई को गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सानिध्य में होगा।

श्रीराम कथा आयोजन को लेकर बुधवार को एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ की अध्यक्षता में हुई जिसमें आयोजन की व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुविधा सहित अनेक बिंदुओं पर विचार विमर्श किया गया।

बैठक में गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ ने बताया कि सनातन परम्परा में गुरु-शिष्य का संबंध अतुलनीय होता है। गुरु की महिमा को प्रतिष्ठित करने के लिए सनातन संस्कृति में गुरु पूर्णिमा का पर्व अत्यंत पवित्र और महत्वपूर्ण है। गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व गुरु-शिष्य परंपरा की संवाहक श्री गोरक्षपीठ के लिए विशेष होता है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष गुरु पूर्णिमा ( आषाढ़ मास पूर्णिमा ) 29 जुलाई को है और इसके उपलक्ष्य में श्री गोरखनाथ मंदिर में 23 जुलाई, दिन गुरुवार से पावन एवं पुण्यदायी श्रीराम कथा का आयोजन महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार में किया जाएगा। कथाव्यास के रूप में श्रीराम कथा के मर्मज्ञ प्रयागराज से पधारे आचार्य शांतनु जी महाराज कथा सुनाएंगे।

श्रीराम कथा प्रतिदिन अपराह्न 3 बजे से सायं 6 बजे तक होगी जबकि इसका विश्राम व पूर्णाहुति 29 जुलाई, दिन बुधवार को गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सानिध्य में प्रातः 9 बजे से 11.30 बजे होगी। गुरु पूर्णिमा के दिन श्री गोरखनाथ मंदिर में विशिष्ट पूजन, आशीर्वचन, भजन व सहभोज का पारंपरिक आयोजन होगा। श्रद्धालुओं को कथा स्थल तक आने और जाने की मार्गों पर निशुल्क बस की व्यवस्था की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित