चंडीगढ़ , अगस्त 05 -- श्री गुरु हरिकृष्ण साहिब जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में बुधवार को चंडीगढ़ में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया।
गुरुद्वारा सिंह सभा, सेक्टर-46डी से आज दोपहर दो बजे शुरू हुआ नगर कीर्तन सेक्टर-46, 47, 48, 49, 50 की विभिन्न सोसायटियों और गांव बुडैल से होते हुए शाम आठ बजे सेक्टर-34 स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर संपन्न हुआ।
नगर कीर्तन का शहरभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने माथा टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया और पांच प्यारों का सिरोपाओं एवं मालाएं पहनाकर सम्मान किया। सेक्टर-46 मार्केट के सामने सनातन धर्म सभा और मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन ने पुष्पवर्षा कर नगर कीर्तन का स्वागत किया तथा विश्व शांति और सभी के उत्तम स्वास्थ्य की अरदास की। इस दौरान संगत को खीर-पूड़े का प्रसाद भी वितरित किया गया।
नगर कीर्तन में गतका दल ने पारंपरिक युद्ध कला का प्रदर्शन कर संगत का मन मोह लिया। मार्ग में जगह-जगह लंगर और सेवा स्टॉल लगाए गए। पंथ प्रसिद्ध रागी जत्थों ने गुरबाणी कीर्तन के माध्यम से श्रद्धालुओं को गुरु साहिब की शिक्षाओं से जोड़ा।
इस अवसर पर सनातन धर्म सभा, मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन, गुरुद्वारा सिंह सभा और विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित