अमृतसर , जुलाई 30 -- शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर आगामी नवंबर में पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब और अन्य ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन के लिए जाने वाले सिख श्रद्धालुओं से पासपोर्ट जमा करवाने की अपील की है तथा इसके लिए वीजा प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है।

एसजीपीसी के सचिव बलविंदर सिंह काहलवां ने गुरुवार को बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी प्रकाश पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान भेजा जायेगा। उन्होंने कहा कि जो श्रद्धालु इस ऐतिहासिक यात्रा में शामिल होना चाहते हैं, वे 10 अगस्त 2026 तक अपने पासपोर्ट शिरोमणि कमेटी के संबंधित हलका सदस्य की सिफारिश सहित एसजीपीसी कार्यालय के यात्रा विभाग में जमा करवायें। उन्होंने बताया कि पासपोर्ट के साथ पहचान प्रमाण के रूप में आधार कार्ड या मतदाता पहचान पत्र (वोटर आईडी) की फोटोकॉपी संलग्न करना अनिवार्य होगा।

श्री काहलवां ने संगत से अपील की कि वीजा प्रक्रिया समय पर पूरी करने के लिए सभी आवश्यक दस्तावेज निर्धारित तिथि से पहले जमा करवा दें, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा संबंधी औपचारिकताएं समय रहते पूरी की जा सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित