अमृतसर , जून 09 -- पांचवें गुरु अर्जन देव के शहीदी दिवस के अवसर पर पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को मंगलवार को उनके वीजा लगे पासपोर्ट वितरित किये गये। श्रद्धालुओं का जत्था 10 जून को सुबह शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के कार्यालय से रवाना होगा।
एसजीपीसी ने जत्थे की अगुवाई के लिए सदस्य भुपिंदर सिंह भलवान को जत्थेदार तथा गुरमीत सिंह बूह को डिप्टी लीडर नियुक्त किया है।
वीजा लगे पासपोर्ट वितरित करने के दौरान धर्म प्रचार कमेटी के सचिव गुरिंदर सिंह मथरेवाल ने कहा कि पाकिस्तान में स्थित ऐतिहासिक सिख गुरुधामों के दर्शन की इच्छा हर सिख श्रद्धालु के मन में होती है। उन्होंने कहा कि जत्थे में शामिल श्रद्धालुओं के भीतर उत्साह और खुशी का माहौल स्वाभाविक है।उन्होंने बताया कि एसजीपीसी की ओर से जत्थे के लिए सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गये हैं और 10 जून को पंथक परंपराओं के अनुसार श्रद्धालुओं को औपचारिक रूप से रवाना किया जाएगा।
गुरिंदर सिंह मथरेवाल ने जानकारी दी कि इस बार एसजीपीसी ने कुल 561 श्रद्धालुओं के पासपोर्ट वीजा के लिए भेजे थे, जिनमें से 541 श्रद्धालुओं को नयी दिल्ली स्थित पाकिस्तान उच्चायोग द्वारा वीजा जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि जो श्रद्धालु अपने पासपोर्ट प्राप्त नहीं कर सके हैं, वे जत्थे के प्रस्थान से पहले उन्हें हासिल कर सकते हैं।
इस अवसर पर एसजीपीसी के अतिरिक्त सचिव बिजै सिंह, जसविंदर सिंह जस्सी, उप सचिव गुरमीत सिंह मुक्तसरी, सुपरिंटेंडेंट निशान सिंह, मलकीत सिंह बहिड़वाल तथा यात्रा विभाग के प्रभारी जगजीत सिंह और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित