चंडीगढ़ , जून 17 -- पंजाब के राज्यपाल एवं केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस की पूर्व संध्या पर प्रदेशवासियों से महान गुरु की शिक्षाओं और दिखाये गये मार्ग पर चलने का आह्वान किया है।
बुधवार को अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा कि पांचवें सिख गुरु श्री गुरु अर्जुन देव जी ने मानवता, धर्मनिरपेक्षता और विश्व बंधुत्व के उच्च आदर्शों की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका यह अद्वितीय त्याग सदैव वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
राज्यपाल ने कहा कि गुरु अर्जन देव जी द्वारा संकलित आदि ग्रन्थ मानवता के लिए ज्ञान और आध्यात्मिक प्रकाश का शाश्वत स्रोत है। यह पवित्र ग्रंथ समाज को शांति, सद्भाव और सर्वांगीण समृद्धि के सिद्धांतों पर आधारित व्यवस्था स्थापित करने का मार्ग दिखाता है। उन्होंने कहा कि गुरु अर्जन देव जी का जीवन और उनकी शिक्षाएं सत्य, धर्म तथा मानव कल्याण के प्रति समर्पण का संदेश देती हैं। उनका शहीदी बलिदान धर्म और न्याय की रक्षा के लिए दिया गया एक अनुपम उदाहरण है।
श्री कटारिया ने लोगों से अपील की कि वे श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस को पारंपरिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और मानवता की भावना के साथ मनायें तथा गुरु साहिब की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाकर समाज में प्रेम, शांति और एकता को मजबूत करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित