वाराणसी , अगस्त 20 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने का झांसा देकर अवैध वसूली और ठगी करने वाले पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस आयुक्त वाराणसी द्वारा अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा चोरी, लूट और धोखाधड़ी की घटनाओं के अनावरण एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चौक पुलिस ने बुधवार को यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट संख्या-4 के पास से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि ये लोग श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मंदिर में शीघ्र एवं सुगम दर्शन कराने का प्रलोभन देकर उनसे धन की मांग करते थे। विरोध करने पर उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया जाता था।

पुलिस ने सभी आरोपियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के आरा जिले के कृष्णानगर थाना क्षेत्र स्थित पिपरपाती निवासी लाल बाबू पाण्डेय (35), वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र स्थित लहरतारा नई बस्ती निवासी आशीष पाण्डेय (24), रामनगर थाना क्षेत्र के सूजाबाद नई बस्ती निवासी दिलीप पाण्डेय (44), मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के रांझी थाना क्षेत्र स्थित भरत कॉलोनी निवासी यश दुबे (20) तथा बिहार के दरभंगा जिले के बेहरा थाना क्षेत्र के हाबीभुआर निवासी सुशील कुमार दास (21) के रूप में हुई है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए थे तथा कब से श्रद्धालुओं को निशाना बनाया जा रहा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित