वाराणसी , अक्टूबर 02 -- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान नीलकंठ प्रशासनिक भवन परिसर में ध्वजारोहण तथा धाम स्थित सभागार में विचार गोष्ठी आयोजित की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा नीलकंठ प्रशासनिक भवन परिसर में ध्वजारोहण से हुई। इस अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास एवं श्री काशी विश्वनाथ विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

ध्वजारोहण के बाद सभागार में आयोजित विचार गोष्ठी में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने दोनों महान विभूतियों के जीवन, विचारों, आदर्शों और राष्ट्र के प्रति योगदान को स्मरण करते हुए अपने विचार व्यक्त किए।

गोष्ठी में उपजिलाधिकारी, डिप्टी कलेक्टर, नायब तहसीलदार सहित अन्य अधिकारियों एवं कार्मिकों ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा जैसे मूल्यों की वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने सार्वजनिक जीवन और प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन में इन आदर्शों को अपनाने पर जोर दिया।

मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन सत्यनिष्ठा, सादगी, अनुशासन, कर्तव्यपरायणता और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों को आचरण एवं कार्यशैली में आत्मसात कर जनसेवा के दायित्वों का निष्ठा, संवेदनशीलता और ईमानदारी के साथ निर्वहन करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने तथा श्रद्धालु सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की एकता एवं अखंडता, स्वच्छता, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता के संकल्प के साथ हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित