अमृतसर , अक्टूबर 05 -- श्री आनंदपुर साहिब से संबंधित मामले की जांच के लिए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) द्वारा गठित चार सदस्यीय जांच समिति अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट मंगलवार को एसजीपीसी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी को सौंपेगी।

यह जानकारी एसजीपीसी के सचिव एवं जांच समिति के समन्वयक बलविंदर सिंह काहलवां ने सोमवार को दी। उन्होंने कहा कि समिति संबंधित तथ्यों, दस्तावेजों और विभिन्न पक्षों के बयानों की गंभीरता से पड़ताल कर रही है। जांच का उद्देश्य किसी व्यक्ति या पक्ष का समर्थन करना नहीं, बल्कि मामले से जुड़े वास्तविक तथ्यों को सामने लाना है।

श्री काहलवां ने कहा कि जांच पूरी होने से पहले निष्कर्ष निकालना या बिना तथ्यों के एकतरफा बयानबाजी करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया किसी संवेदनशील मामले में अदालत या जांच एजेंसी का विकल्प नहीं हो सकता। बिना तथ्यों की पुष्टि के किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ प्रचार से अनावश्यक विवाद और भ्रम पैदा होता है।उन्होंने कहा कि एसजीपीसी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच समिति गठित की है और समिति अपनी जिम्मेदारी के अनुसार तथ्योंकी जांच कर रही है। इसलिए रिपोर्ट आने तक सभी पक्षों को संयम बरतना चाहिए।

श्री काहलवां ने कहा कि समिति मंगलवार को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट एसजीपीसी अध्यक्ष को सौंपेगी और रिपोर्ट में सामनेआये तथ्यों के बारे में अध्यक्ष द्वारा जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित