जम्मू , जुलाई 25 -- जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के कारण छह दिन तक बंद सालाना श्री अमरनाथ यात्रा शनिवार को फिर से बहाल हो गई और कड़ी सुरक्षा के बीच, 6,269 तीर्थयात्री जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से बालटाल मार्ग होते हुए पवित्र गुफा मंदिर के लिए रवाना हुए।
गौरतलब है कि बालटाल और पहलगाम दोनों मार्गो पर खराब मौसम और भारी बारिश की चेतावनी के कारण एहतियात के तौर पर 19 जुलाई से यात्रा रोक दी गई थी।
अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह 6,269 तीर्थयात्रियों का एक नया जत्था भगवती नगर यात्री निवास से रवाना हुआ और सभी तीर्थयात्री बालटाल आधार शिविर होते हुए आगे बढ़े। इस जत्थे में 1,470 महिलाएं, 25 बच्चे और 54 साधु कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 223 गाड़ियों के काफिले में रवाना हुए।
अधिकारियों ने बताया कि पारंपरिक पहलगाम मार्ग के लिए कोई काफिला नहीं भेजा गया।
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बहाल होने के बाद यात्रा फिर से शुरू हो सकी। यह राजमार्ग उधमपुर-रामबन हिस्से में भूस्खलन और पत्थर गिरने के कारण बंद था। बाबा बर्फानी की सालाना यात्रा 28 अगस्त को रक्षाबंधन के त्योहार के साथ संपन्न होगी।
आज तक लगभग चार लाख तीर्थयात्री पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर में दर्शन कर चुके हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित