पटना , जून 22 -- अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान(एम्स), पटना ने अपने पांच चिकित्सकों की एक विशेष टीम यात्रा में तैनात करने का निर्णय लिया है।आगामी तीन जुलाई से शुरू होने वाली पवित्र श्री अमरनाथ जी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार द्वारा व्यापक चिकित्सा व्यवस्था की गई है। यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य शिविर, मेडिकल क्लीनिक, आईसीयू, आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं, शल्य चिकित्सा एवं अस्थि रोग (ऑर्थोपेडिक) सुविधाएं तथा कई ऑक्सीजन केंद्र स्थापित किए गए हैं।

इस राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा अभियान में योगदान देते हुए एम्स पटना के पांच चिकित्सक यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को चिकित्सा सेवाएं प्रदान करेंगे। ये चिकित्सक तीन अलग-अलग चरणों में अपनी सेवाएं देंगे। पहले और दूसरे चरण में दो-दो तथा तीसरे चरण में एक चिकित्सक शामिल होगा।

प्रथम चरण में सीटीवीएस विभाग के डॉ. कौशिक बनर्जी तथा इमरजेंसी मेडिसिन विभाग के डॉ. विनय कुमार सिंह शामिल हैं। दोनों चिकित्सक 27 जून से 19 जुलाई 2026 तक पंचतरणी बेस कैंप में अपनी सेवाएं देंगे। प्रस्थान से पूर्व उन्होंने सोमवार को एम्स पटना के कार्यकारी निदेशक प्रो. (ब्रिग.) डॉ. राजू अग्रवाल से मुलाकात की।

इस अवसर पर डॉ. संजीव कुमार, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, सीटीवीएस तथा फैकल्टी (प्रशासन), भी उपस्थित थे। डॉ. संजीव कुमार को श्री अमरनाथ जी यात्रा में एम्स पटना की भागीदारी के समन्वय के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। साथ ही इस मौके पर नीलोत्पल बल, उपनिदेशक (प्रशासन) भी उपस्थित थे।

कार्यकारी निदेशक प्रो. (ब्रिग.) डॉ. राजू अग्रवाल ने प्रथम चरण में शामिल चिकित्सकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है और उन्हें विश्वास है कि एम्स पटना के चिकित्सक अपनी विशेषज्ञता और समर्पण से इस दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे।

डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि भारत सरकार ने श्री अमरनाथ जी यात्रा के लिए "जीरो मॉर्टेलिटी" का लक्ष्य निर्धारित किया है जिसके तहत यात्रियों को समय पर और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सेवा अभियान में योगदान देना एम्स पटना के लिए गर्व की बात है।

एम्स पटना पिछले दो वर्षों से श्री अमरनाथ जी यात्रा के चिकित्सा मिशन में सक्रिय भागीदारी निभा रहा है। वर्ष 2026 में संस्थान लगातार तीसरी बार इस पहल से जुड़कर श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित