अमृतसर , जून 25 -- श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय ने पंजाब सरकार द्वारा अप्रैल 2026 में पारित कि किये गये 'द जगत ज्योत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) अधिनियम-2026' को लेकर सभी सिख विधायकों और सिख कैबिनेट मंत्रियों को 29 जून को उपस्थित होने के लिए पत्र जारी किये हैं।
सचिवालय के प्रभारी बगीचा सिंह ने गुरुवार को बताया कि ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज के निर्देशों के अनुसार यह कदम उठाया गया है। उनका कहना है कि उक्त संशोधन अधिनियम पंजाब सरकार ने श्री अकाल तख्त साहिब, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी तथा गुरु खालसा पंथ से कोई परामर्श या सहमति लिए बिना पारित किया था।
श्री सिंह ने बताया कि सचिवालय की ओर से 17 और 18 जून 2026 को सभी सिख विधायकों और सिख मंत्रियों को उनके आधिकारिक ई-मेल और व्हाट्सऐप नंबरों पर पत्र भेजे गये थे। ये संपर्क विवरण पंजाब विधानसभा की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त किये गये थे। इसके अतिरिक्त 23 जून को पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां को भी पत्र भेजा गया था। उन्होंने बताया कि सचिवालय के अधिकारियों ने सभी विधायकों और मंत्रियों से फोन के माध्यम से भी संपर्क कर उन्हें भेजे गये पत्रों की जानकारी दी है।
सचिवालय की ओर से सभी सिख विधायकों और सिख मंत्रियों को 29 जून 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे अमृतसर स्थित श्री अकाल तख्त साहिब सचिवालय में उपस्थित होने के लिए कहा गया है। बैठक में गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) अधिनियम-2026 से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी और संबंधित जनप्रतिनिधियों के विचार सुने जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित