अमृतसर , मई 02 -- सिख जनरल सरदार हरि सिंह नलवा के जीवन पर फिल्म बनाने संबंधी विचारार्थ श्री अकाल तख्त साहिब को भेजे गये अनुरोध को श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने खारिज कर दिया है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में 28 दिसंबर, 2025 को श्री अकाल तख्त साहिब में पांच सिंह साहिबानों द्वारा निर्णय लिया गया था कि पुरातन सिख योद्धाओं पर फिल्में, एनिमेटेड फिल्में और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित वीडियो नहीं बनाये जा सकते।
जत्थेदार गड़गज्ज ने शनिवार को कहा कि सरदार हरि सिंह नलवा भी पुरातन सिख योद्धाओं की श्रेणी में आते हैं, इसलिए उनके जीवन पर फिल्म बनाने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
गौरतलब है कि हाल ही में मुंबई स्थित भानुशाली स्टूडियोज लिमिटेड के सह-निर्माता श्री भावेश भानुशाली ने जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज को पत्र लिखकर अनुमति मांगी थी। उन्होंने कहा था कि उनका प्रोडक्शन हाउस महान सिख योद्धा सरदार हरि सिंह नलवा के जीवन पर फिल्म बनाना चाहता है और इस संबंध में उनसे तथा शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों से बैठक का समय मांगा था।
इस संबंध में सचिवालय श्री अकाल तख्त साहिब के इंचार्ज बगीचा सिंह ने कहा कि जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज के निर्देशानुसार भानुशाली स्टूडियोज लिमिटेड के सह-निर्माता को लिखित रूप में सूचित कर दिया गया है कि सिख योद्धा सरदार हरि सिंह नलवा के जीवन पर फिल्म नहीं बनाई जा सकती।
उन्होंने कहा कि हाल ही में श्री अकाल तख्त साहिब से पांच सिंह साहिबानों द्वारा फिल्मों संबंधी जारी निर्देशों की प्रतियां भी श्री भानुशाली को मूल रूप में तथा अंग्रेजी अनुवाद सहित भेजी गयी हैं, ताकि वह भविष्य में सावधानी बरतें और सिख विषयों से जुड़े किसी भी प्रोजेक्ट को शुरू करने से पहले इन प्रतिबंधों को ध्यान में रखें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित