चंडीगढ़ , जून 20 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का बचाव करने को लेकर आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला है।

श्री चुघ ने शनिवार को अपने बयान में आरोप लगाया कि श्री अकाल तख्त साहिब के मुख्यमंत्री को "कौम दोखी" घोषित किए जाने के बाद भी पार्टी नेतृत्व उनका समर्थन कर रहा है, जो सिख पंथ की सर्वोच्च संस्था की गरिमा को चुनौती देने के समान है। उन्होंने कहा कि उनके अमृतसर स्थित निवास के बाहर आयोजित धरना राजनीतिक हताशा और नैतिक दिवालियापन का प्रतीक है। गैंगस्टरों और माफिया तंत्र को संरक्षण देने के बाद अब अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की जोड़ी श्री अकाल तख्त साहिब की मर्यादा और सम्मान को ठेस पहुंचाने तक लगी है।

भाजपा नेता ने सवाल उठाया कि क्या उनके घर के बाहर प्रदर्शन करने से श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा लगाए गए आरोप समाप्त हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि संबंधित मामले की जांच पूरी हो चुकी है और इस पर स्पष्ट आदेश जारी किया जा चुका है। ऐसे में आम आदमी पार्टी को राजनीतिक नाटक करने के बजाय पंजाब की जनता को जवाब देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि विवादित वीडियो की जांच में उसे अशोभनीय, मर्यादा के विरुद्ध और गुरु साहिबान का अपमान करने वाला पाया गया है। इसके बावजूद आम आदमी पार्टी के नेता मुख्यमंत्री का बचाव कर रहे हैं और श्री अकाल तख्त साहिब के अधिकार को चुनौती दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अब पंजाब की जनता यह जानना चाहती है कि आम आदमी पार्टी के मंत्री, विधायक और वरिष्ठ नेता इस मुद्दे पर किस पक्ष में खड़े हैं। उनके अनुसार असली मुद्दा किसी नेता के घर के बाहर प्रदर्शन नहीं, बल्कि राज्य में बढ़ती नशे की समस्या, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था की स्थिति, आर्थिक चुनौतियां और विभिन्न माफिया नेटवर्क का प्रभाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान, व्यापारी, कर्मचारी, उद्योगपति, महिलाएं और युवा सभी राज्य सरकार की नीतियों से निराश हैं, जबकि सरकार जनहित के मुद्दों की बजाय राजनीतिक गतिविधियों में व्यस्त है। उन्होंने मांग की कि आम आदमी पार्टी के सभी मंत्री, विधायक और पदाधिकारी सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करें कि वे श्री अकाल तख्त साहिब के आदेशों के साथ हैं या उनके खिलाफ। भाजपा नेता ने कहा कि भगवंत मान नैतिक आधार खो चुके हैं और उन्हें तत्काल मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

श्री चुघ ने कहा कि पंजाब की आस्था, सम्मान और सिख पंथ की सर्वोच्च संस्था को चुनौती देने वालों को राज्य की जनता कभी माफ नहीं करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित